देहरादून : मंत्रिमंडल विस्तार के बाद सीएम पुष्कर धामी ने पांच नए मंत्रियों को विभागों का बंटवारा तो कर दिया लेकिन कैबिनेट में पहले से ही शामिल कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत से स्वास्थ्य विभाग हटाते हुए कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल को स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी सौंप दी गई। इस बदलाव की खूब चर्चा हो रही है। हालांकि मंत्री सतपाल महाराज से भी पंचायतीराज विभाग हटाया गया जो कि कैबिनेट में नए शामिल मंत्री मदन कौशिक को दिया गया। इसके अलावा मंत्री गणेश जोशी से ग्राम्य विकास विभाग हटाते हुए कैबिनेट में नए शामिल मंत्री भरत सिंह चौधरी को दिया गया। लेकिन चर्चा में सिर्फ स्वास्थ्य महकमा ही रहा। माना जा रहा कि पिछले कुछ समय से जिस तरह से सुबोध उनियाल सीएम धामी के बेहद करीब थे इसका लाभ सुबोध उनियाल को मिला जबकि धन सिंह रावत स्वास्थ्य विभाग में बहुत ही सक्रियता से काम कर रहे थे लेकिन बावजूद इसके उन्हें हल्का किया गया। पिछले कुछ वक्त में धन सिंह रावत ने स्वास्थ्य विभाग में चिकित्सकों की ताबड़तोड़ नियुक्ति भी की ताकि डॉक्टर की कमी दूर हो सके।
नए शामिल किस मंत्री को क्या मिला, कौन हुआ भारी कौन रहा हल्का
धामी कैबिनेट में नए शामिल हुए मंत्रियों को आवंटित विभागों में सबसे पहले बात कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक की। कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक को पंचायतीराज, आपदा प्रबंधन, आयुष, पुनर्गठन एंव जनगणना विभाग का मंत्री बनाया गया है। सूची में उनका नाम 10वें क्रमांक पर है। पूर्व में त्रिवेंद्र सरकार में मदन कौशिक का नंबर सबसे ऊपर था। उस दौरान मदन कौशिक न सिर्फ शहरी विकास, संसदीय कार्य मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे बल्कि सरकार के शासकीय प्रवक्ता की भी थे। यानी साफ है कि मदन कौशिक कैबिनेट में शामिल तो हुए हैं लेकिन उनका कद पहले जैसा नहीं रहा, जबकि वह पूर्व में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इसके अलावा नए शामिल हुए मंत्रियों में मंत्री खजानदास को समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, छात्र कल्याण व भाषा विभाग की जिम्मेदारी सौंप गई है। भरत सिंह चौधरी को ग्राम विकास, लघु एवं सूक्ष्म उद्योग व खादी ग्रामउद्योग की जिम्मेदारी दी गई है। प्रदीप बत्रा को परिवहन, विज्ञान प्रौद्योगिकी, सूचना प्रौद्योगिकी एंव जैव प्रौद्योगिकी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जबकि मंत्री राम सिंह कैड़ा को शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन वह जलागम प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंप गई है।




