देहरादून : देहरादून में 28 से 30 नवंबर तक होने जा रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय अधिवेशन को लेकर अभाविप (ABVP) कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। राष्ट्रीय अधिवेशन में शामिल होने के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ वीरेंद्र सोलंकी शुक्रवार को देहरादून पहुंचे। देहरादून पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय महामंत्री का जबरदस्त स्वागत किया। उत्तराखंड के प्रांत मंत्री ऋषभ रावत के नेतृत्व में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने रिस्पनापुल से लेकर परेड ग्राउंड तक भव्य स्वागत यात्रा निकाली और राष्ट्रीय महामंत्री का स्वागत किया।
इस दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री ने एबीवीपी कार्यकर्ताओं के उत्साह और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि एबीवीपी का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण की धारा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है और आने वाले समय में संगठन नई ऊंचाइयों को छुएगा।
यह पहला अवसर है जब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का राष्ट्रीय अधिवेशन देवभूमि उत्तराखंड में आयोजित किया जा रहा है जिसमें विभिन्न राज्यों के करीब 1500 से ज्यादा कार्यकर्ता शामिल होने वाले हैं। अधिवेशन को लेकर तैयारी बड़ी जोर शोर के साथ चल रही है। देहरादून के परेड मैदान में राष्ट्रीय अधिवेशन होगा। तीन दिनों के अधिवेशन में कई ज्वलंत विषयों पर मंथन होगा व वरिष्ठ पदाधिकारियों का मार्गदर्शन भी मिलेगा। इस दौरान प्रस्ताव भी पारित किए जाएंगे।




