पौड़ी गढ़वाल: पौड़ी लोकसभा सीट से बीजेपी के उम्मीदवार अनिल बलूनी ने शुक्रवार को पौड़ी के रामलीला मैदान से चुनावी शंखनाद किया। अनिल बलूनी ने अपने चुनावी कार्यालय के उद्घाटन के साथ ही पौड़ी में तारामंडल और माउंटेन म्यूजियम का भी शिलान्यास किया। इस काम के लिए अनिल बलूनी ने अपनी सांसद निधि से 15 करोड रुपए भी अवमुक्त कर चुके हैं।
इस मौके पर पौड़ी के रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए अनिल बलूनी ने कहा कि पौड़ी लोकसभा सीट पर भाजपा 5 लाख के अंतराल से अपनी जीत दर्ज करेगी। लोगों को भरोसा दिलाते हुए अनिल बलूनी ने कहा कि गढ़वाल क्षेत्र में जो भी विकास के कार्य होने हैं उनके द्वारा करवाये जाएंगे। चाहे कोटद्वार से टनल बननी हो या फिर कोई भी विकास कार्य होना हो वह विकास कार्य किया जाएगा। अनिल बलूनी ने कहा कि हम सब मोदी का परिवार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। आज उत्तराखंड में सड़कों का जाल बिछा है और आने वाले वक्त में उत्तराखंड में बहुत से विकास कार्य होने हैं। उत्तराखंड राज्य मोदी जी की प्राथमिकता में है।

अनिल बलूनी : गढ़वाल में भाजपा की नई लीडरशिप
यूं तो देश प्रदेश को गढ़वाल ने कई नामी चेहरे दिए हैं जिन्होंने न सिर्फ उत्तराखंड में बल्कि देश में भी गढ़वाल का परचम लहराया है। अकेले उत्तराखंड की बात करें तो गढ़वाल क्षेत्र और खास कर पौड़ी जिले की उत्तराखंड की राजनीति में बहुत अधिक सक्रियता है। प्रदेश को पांच मुख्यमंत्री देने वाला पौड़ी जिला उत्तराखंड की राजनीति का केंद्र बिंदु हमेशा से ही रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद खंडूरी , पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक , पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा , पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत। यह सभी पौड़ी गढ़वाल से ही आते हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि उत्तराखंड की राजनीति में पौड़ी जिला कितना अहमियत रखता है और अब गढ़वाल का प्रतिनिधित्व करने के लिए बीजेपी ने अनिल बलूनी के नेतृत्व को आगे कर दिया है।

मोदी – शाह के करीबी और केंद्र में अच्छा दखल रखते हैं अनिल बलूनी
बीजेपी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी होने के साथ ही अनिल बलूनी पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के करीबी भी माने जाते हैं। राज्यसभा सांसद रहते हुए अनिल बलूनी ने पहाड़ की आवाज को दमदार तरीके से केंद्र में भी उठाया है। पौड़ी में कदम रखने से पहले ही अनिल बलूनी ने पौड़ी को एक बड़ी सौगात भी दे डाली। साफ है कि अनिल बलूनी गढ़वाल की जनता को भी अपना संदेश दे चुके हैं कि इस बार गढ़वाल भाजपा को एक ऐसा युवा नेतृत्व मिला है , जो पहाड़ के लिए कुछ करने की सोच ही नहीं जुनून भी रखता है और बीजेपी टॉप लीडरशिप के करीबी होने का सीधा-सीधा फायदा गढ़वाल को भी मिल सकता है।



