कोटद्वार: गढ़वाल लोकसभा सीट से बीजेपी के प्रत्याशी व राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी ने सिद्धबली के शहर से अपने चुनावी समर का शंखनाद कर दिया। सोमवार को अनिल बलूनी ने कोटद्वार में रोड शो के जरिये चुनावी आगाज किया।
अनिल बलूनी के रोड शो में भारी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता भी शामिल हुए। रोड शो के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत , बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट व कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र की विधायक ऋतु खंडूरी भी उनके साथ नजर आई। दरअसल कोटद्वार शहर से अनिल बलूनी का पुराना और गहरा नाता है। शायद यही वजह रही कि अपने चुनावी संग्राम का आगाज करने के लिए अनिल बलूनी ने ऋषि कणव की तपस्थली व राजा भारत की जन्मस्थली कोटद्वार को चुना। कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र की जनता को ट्रेन की सौगात देने के साथ ही अनिल बलूनी का कोटद्वार से पुराना और गहरा लगाव भी रहा है।
अयोध्या की तर्ज पर होगा कण्वाश्रम का विकास , बलूनी ने जगाई उम्मीद की किरण
ऋषि कणव की तपस्थली व राजा भरत की जन्मस्थली कोटद्वार की एक अपनी अलग पहचान है। जिस महान राजा भरत के नाम पर हमारे देश का नाम भारत पड़ा कोटद्वार उनकी जन्मस्थली। इसलिए कोटद्वार का अपना एक धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व भी है। कोटद्वार गढ़वाल का द्वार भी है और पूर्व सैनिकों का गढ़ भी है। कोटद्वार में स्थित है कण्वाश्रम जो कि अपनी एक पौराणिक और धार्मिक पहचान भी रखता है। अनिल बलूनी के आने से कोटद्वार के लोगों को यह उम्मीद है कि कण्वाश्रम का कायापलट भी अयोध्या की तरह होगा। वैसे तो राष्ट्रीय पटल पर भी कण्वाश्रम अपनी एक अलग पहचान रखता है , लेकिन जरूरी है कि इस ऐतिहासिक पहचान को संजोकर रखने की , ताकि देश भर के लोग भी यहां आ सके और कोटद्वार के धार्मिक व पर्यटन को भी एक नया आयाम मिल सके। अनिल बलूनी ने कोटद्वार की जनता को विश्वास दिलाया कि कोटद्वार के विकास के लिए उनका हर संभव प्रयास रहेगा।




