यमकेश्वर : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत स्वर्गाश्रम में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा में राष्ट्रभक्ति का जनसैलाब उमड़ता हुआ नजर आया। बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी भी तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।
इस मौके पर गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने 100 फीट ऊंचे राष्ट्रध्वज का लोकार्पण भी किया। सांसद बलूनी ने कहा कि पावन गंगा तट पर आसमान की ऊंचाइयों में शान से लहराता हुआ यह विशाल तिरंगा देश की आन-बान-शान, हमारी राष्ट्रीय चेतना और करोड़ों भारतीयों की एकता का प्रतीक है।
सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि तिरंगा केवल ध्वज नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता, संप्रभुता, गौरव और असंख्य बलिदानों की अमर पहचान है। आज ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से देश का हर नागरिक राष्ट्र के प्रति अपने प्रेम और कर्तव्य की भावना को अभिव्यक्त कर रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर देशभर में जिस प्रकार ‘हर घर तिरंगा’ अभियान जन-आंदोलन बन चुका है, वह एक भारत, श्रेष्ठ भारत और आत्मनिर्भर भारत की भावना को और मजबूत करने वाला है। स्वर्गाश्रम में स्थापित यह 100 फीट ऊंचा तिरंगा आने वाली पीढ़ियों को भी राष्ट्रसेवा, एकता और देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा।
गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि तिरंगे की शान को बनाए रखना केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का राष्ट्रीय दायित्व भी है। उन्होंने सभी देशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव को और मजबूत करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

