चमोली : पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा-पानी भरने के चलते बड़ा हादसा हो गया। हादसे में 7 श्रमिकों की मौत की सूचना है जबकि 14 श्रमिक घायल है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। राहत बचाव कार्य युद्ध स्तर पर है खुद सीएम पुष्कर धामी मोर्चा संभाले हुए हैं।
हादसा गुरुवार देर शाम हुआ जब टनल में मलबा और पानी भर गया। हालांकि ये पुष्ट जानकारी नहीं है कि हादसे के वक्त कितने श्रमिक टनल में थे लेकिन बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त 22 श्रमिक टनल के भीतर थे। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ , सेना व आईटीबीपी की टीमें राहत बचाव कार्यों के लिए घटनास्थल पर पहुंची। टनल के भीतर मलबा भरा हुआ है।
सीएम पुष्कर धामी देर रात आपदा परिचालन केंद्र में पहुंचे और राहत बचाव कार्यों की मॉनिटरिंग में लगे रहे। सीएम धामी ने घायल श्रमिकों से बातचित कर उनका कुशलक्षेम भी जाना। इसके अलावा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने झारखंड एवं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री से फोन पर बातचीत की और टनल हादसे से प्रभावित श्रमिकों को हर संभव सहायता का भरोसा भी दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रेस्क्यू किए गए श्रमिकों के उपचार में किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं रखी जाएगी उन्हें तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है व आवश्यकता के अनुरूप विशेषज्ञ उपचार, दवाइयां, आवास भोजन और आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जा रही है। सीएम ने कहा कि यदि किसी श्रमिक को उच्च चिकित्सा संस्थान में रेफर करने की आवश्यकता होगी तो उसके लिए भी समुचित व्यवस्था की जाएगी। सीएम ने कहा कि प्रभावित श्रमिक और उनके परिवारों के साथ सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

