नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी की “Know BJP” पहल के तहत मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय में नेपाल की सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि लामिछाने पहुंचे। उनके साथ नेपाल से आये प्रतिनिधिमंडल के सदस्य भी मौजूद रहे। इस दौरान रवि लामिछाने ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात की।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से हुई मुलाकात के दौरान भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भारत और नेपाल के बीच के घनिष्ठ और ऐतिहासिक संबंधों पर प्रकाश डाला जिनकी जड़ें साझा सभ्यतागत विरासत, सांस्कृतिक बंधनों और लोगों के बीच मजबूत संबंधों में निहित है।
इसके साथ ही रवि लामिछाने भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख व सांसद अनिल बलूनी व उनकी मीडिया टीम से भी मिले। इस दौरान सांसद अनिल बलूनी ने रवि लामिछाने को भाजपा मीडिया विभाग की कार्यसंस्कृति से अवगत करवाया। इस दौरान कई महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
दरअसल Know BJP’ (भारतीय जनता पार्टी को जानो) भारतीय जनता पार्टी (BJP) द्वारा शुरू किया गया एक महत्वपूर्ण जन-संपर्क और संवाद कार्यक्रम है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य विदेशी प्रतिनिधियों, राजनयिकों (डिप्लोमैट्स), और अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक दलों को भाजपा की विचारधारा, कार्यप्रणाली और विकास यात्रा से अवगत कराना है।




