देहरादून : आखिरकार आजादी के बाद पहली बार बंगाल में भगवा परचम लहराया है। पहली बार बंगाल में भाजपा को इतना प्रचंड बहुमत मिला है जिसकी उम्मीद शायद ही किसी ने की होगी। बंगाल में बदलाव की बयार ऐसी बही कि टीएमसी के किले की दीवारें ढह गई। बंगाल की जीत का जश्न प्रदेश भाजपा मुख्यालय में भी बड़े जोर शोर के साथ मनाया गया। सीएम पुष्कर धामी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट की मौजूदगी में बीजेपी मुख्यालय में जमकर जश्न मनाया गया। आतिशबाजी के साथ ही झालमुडी व रसगुल्ला बांटा गया। उत्तराखंड में अगले तीन दिनों तक बीजेपी की बंगाल जीत का भाजपा जश्न मनाएगी।
पार्टी मुख्यालय में हुए जबरदस्त जश्न में कार्यकताओं ने प्रदेश नेतृत्व के साथ जमकर होली खेली और आतिशबाज़ी कर दिवाली मनाई। जश्न उस समय और खास हो गया जब बंगाल की प्रवासी महिलाओं द्वारा वहां का पारम्परिक धुनुची नृत्य प्रस्तुत किया, जिसमें मिट्टी के बर्तन में नारियल और धूप जलाकर धुंआ से माहौल को पवित्र और सुगंधित किया गया साथ ही वहां की विशेष उलू ध्वनि से खुशी का इजहार किया। उसके उपरांत सभी ने बंगाल की पारंपरिक और प्रधानमंत्री मोदी द्वारा इस चुनाव में प्रचारित झालमुड़ी का स्वाद लिया।
इस अवसर कर कार्यकताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने असम की हैट्रिक, पांडिचेरी की लागतार दूसरी जीत और बंगाल में ऐतिहासिक जीत के लिए सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा, पीएम मोदी के मार्गदर्शन और पार्टी केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशन में इन जीतों ने गंगोत्री से गंगासागर तक पूर्णतया देश को भगवामय कर दिया है। सीएम धामी ने कहा कि “मुझे भी संदेशखाली और अन्य स्थानों पर चुनाव प्रचार के लिए जाने का मौका मिला, आज मां काली के आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है वहां सरकार का बनना। ये सभी जीतें और विशेषकर जनसंघ के संस्थापक की भूमि पर भगवा फहराया जाना हम सबके लिए गौरवान्वित करने वाला क्षण है। इस चुनाव ने पुनः साबित किया है कि डबल इंजन की सरकार स्थापित करना आज देश की प्राथमिकता है। क्योंकि ये डबल इंजन सरकार अब विकास सुशासन और जनकल्याण का प्रतीक बन गया है। नारी शक्ति अधिनियम को रोकने का जो पाप कांग्रेस और विपक्ष ने किया, उसकी सजा जनता ने उन्हें दी है”।
सीएम धामी ने कहा हमारे नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की रणनीति से उनके कार्यकाल की शानदार जीत से शुरुआत हुई है। अब हम इसे उत्तराखंड में भी 29 के सेमीफाइनल, और 32 के फाइनल में भी दोहराएंगे। उन्होंने कहा आज कश्मीर से कन्याकुमारी और अटक से कटक तक भगवा लहरा रहा है। उत्तराखंड में भी इस जीत और पीएम के संदेश को हमें घर घर ले जाना है।
इस अवसर प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट भट्ट ने खुशी जताते हुए कहा, आज उस किले को फतह किया जिसके लिए सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कुर्बानी दी है। वर्ग विशेष को संरक्षण देने वाली सरकार के खिलाफ परिवर्तन का संदेश दिया है। अब बांग्लादेश से घुसपैठियों का रास्ता बंद होगा और जो आ गए उन्हें बाहर निकालने का रास्ता साफ हुआ है। इन चुनावों में एक बड़ा चमत्कार हुआ है कि देश से सभी राज्यों से पूरी तरह सीपीएम और वामपंथ समाप्त हुआ है।
उन्होंने कहा, ये उत्साह उत्तराखंड के लिए भी लाभदायक रहने वाला है। अब हम सब धामी के नेतृत्व में तीसरी बार देवभूमि में कमल खिलाएंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री और मंत्री धन सिंह रावत समेत चुनावी राज्यों में गए कार्यकर्ताओं और 45 पूर्णकालिकों के योगदान का भी धन्यवाद किया। उन्हें 3 राज्यों की जीत विशेषकर बंगाल की जीत को भाजपा विचार प्रणेता और जनसंघ संस्थापक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी को समर्पित करते हुए उन्हें एक सच्ची श्रृद्धांजलि बताया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि जीत का यह उत्सव प्रदेश में अगले 3 दिन मनाया जाएगा। जिसने गांव गांव घर घर तक बंगाली समुदाय एवं अन्य लोगों के साथ तुष्टिकरण और विकास विरोधी नीतियों के खिलाफ मिली जीत को मनाया जाएगा।
वहीं पूर्व सीएम डा रमेश पोखरियाल निशंक ने कार्यकर्ताओं के बलिदान को याद करते हुए इस जीत को सौभाग्य का अभूतपूर्व क्षण बताया। उन्होंने इन चुनावों में मुख्यमंत्री, मंत्री धन सिंह रावत और प्रदेश के कार्यकर्ताओं के योगदान को भी शानदार बताया उन्होंने अटल जी के उस विचार को याद करते हुए कहा, अंधेरा छटेगा सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा की तर्ज पर आज देश के कोने कौने में कमल खिल रहा है। प्रदेश की जनता ने भी मन बनाया हुआ है और 27 में भी उत्तराखंड में भाजपा की सरकार तीसरी बार लायेंगे।




