देहरादून : अब आप इसे क्या कहेंगे जब खुद मुख्यमंत्री को अपने अफसरों को आईना दिखाने ग्राउंड जीरो पर उतरना पड़ जाए। जी हां सीएम हेल्पलाइन पर आई शिकायतों व समस्याओं की जमीनी हकीकत की पड़ताल करने शुक्रवार को खुद मुख्यमंत्री रियलिटी चेक के लिए ग्राउंड पर उतरे। दरअसल देहरादून के जाखन निवासी विवेक मदान ने राजपुर रोड पर विद्युत लाइन अंडरग्राउंड किए जाने के कारण फुटपाथ को हुए नुकसान की शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज कराई थी।
शिकायत में इस बात का जिक्र किया था कि जाखन में पहले सड़क किनारे फुटपाथ बनाया गया, बाद में यूपीसीएल ने इस फुटपाथ को खोद कर अंडरग्राउंड लाइन बिछा डाली लेकिन इस दौरान मिट्टी का भरान ठीक से नहीं किया गया, जिस कारण फुटपाथ की टाइल्स बैठ गई इससे फुटपाथ का पूरा लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा से पहले इस शिकायत की हकीकत जानने के लिए खुद मुख्यमंत्री ग्राउंड जीरो पर उतरे।मुख्यमंत्री ने शिकायतकर्ता विवेक मदान को साथ लेकर अपने मोबाइल से ही अधिकारियों को वीडियो कॉल के जरिए फुटपाथ की स्थिति दिखाई। मुख्यमंत्री ने स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि अंडरग्राउंड होने के बावजूद कई जगह बिजली लाइन ऊपर दिखाई दे रही है। जिस कारण जन-सामान्य को खतरा पैदा हो सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी प्लानिंग के साथ काम करें, वरना बार बार कार्य होने से एक ओर पब्लिक को परेशानी का सामना करना पड़ता है, वहीं धन की भी बर्बादी होती है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वे प्रदेश भर के आगामी दौरों पर इसी तरह नियमित निरीक्षण करेंगे। उन्होंने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को निर्देश दिए कि प्रदेश में यदि कहीं और भी इस तरह की शिकायत आ रही है तो उन्हें दूर किया जाए, इसके लिए प्रदेश भर में अभियान चलाया जाए। मुख्यमंत्री ने इस दौरान स्थानीय दुकानदारों और निवासियों से भी बातचीत की।




