देहरादून /नई दिल्ली : हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र के सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत द्वारा संसद में उठाए गए प्रश्न के उत्तर में सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने अपने लिखित उत्तर में बताया कि प्रसार भारती द्वारा डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल करते हुए “वेव्स ओटीटी” प्लेटफॉर्म और “पीबी-शब्द” समाचार साझाकरण सेवा प्रारंभ की गई है।
सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि यह पहल देश के डिजिटल सूचना तंत्र को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि नवंबर 2024 में लॉन्च किए गए “वेव्स ओटीटी” प्लेटफॉर्म पर अब तक 84 लाख से अधिक उपयोगकर्ता पंजीकृत हो चुके हैं, जो इसकी लोकप्रियता को दर्शाता है। इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से रेडियो, टीवी चैनल, वेब सीरीज, फिल्में, लाइव इवेंट्स, शैक्षिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित प्रसार भारती की समृद्ध अभिलेखीय सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है।
सांसद त्रिवेन्द्र रावत ने “पीबी-शब्द” सेवा की सराहना करते हुए कहा कि मार्च 2024 में शुरू की गई यह सेवा देशभर में 15 भारतीय भाषाओं में समाचारों के प्रसार को सुगम बना रही है। इससे क्षेत्रीय भाषाओं और स्थानीय अभिव्यक्तियों को नई पहचान मिलेगी तथा छोटे और मध्यम मीडिया संस्थानों को विश्वसनीय समाचार सामग्री प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि सरकार द्वारा “पीबी-शब्द” सेवा को प्रारंभ में एक वर्ष के लिए निःशुल्क रखा गया था, जिसे अब बढ़ाकर मार्च 2027 तक कर दिया गया है। यह निर्णय मीडिया संस्थानों और उपयोगकर्ताओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।
सांसद त्रिवेन्द्र रावत ने कहा कि इन डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से देश के दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों, जैसे छत्तीसगढ़ के सरगुजा सहित, स्थानीय भाषाओं में समाचार और सामग्री की पहुंच सुनिश्चित हो रही है। इससे “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” की भावना को और मजबूती मिलेगी।
उन्होंने केंद्र सरकार और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल भारत के डिजिटल भविष्य को सशक्त बनाने के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और प्रसार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।




