देहरादून : गुरुवार को मेयर सौरभ थपलियाल ने देहरादून नगर निगम के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मेयर सैराभ थपलियाल ने शहर में संचालित डोर टू डोर कूड़ा संग्रहण वाहनों की गतिविधियों एवं रूट कवरेज की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि कुछ वाहनों की रुट कवरेज पोर्टल पर अपेक्षाकृत कम दिखाई पड़ी। महापौर ने ICCC ( Integrated Command and Control centre) में लगे सीसीटीवी कैमरा के माध्यम से विभिन्न प्लांट्स की कार्यप्रणाली का अवलोकन भी किया। विशेष रूप से कारगी मैकेनाइज्ड ट्रांसफर प्लांट व शीशमबाड़ा वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट में चल रहे कार्यों को भी देखा और वहां की व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों से जानकारी भी ली।
निरीक्षण के दौरान कुछ व्यवस्थाओं में कमियां पाई जाने पर महापौर ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर शहर की निगरानी और व्यवस्थाओं के संचालन का महत्वपूर्ण केंद्र है इसलिए यहां किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कमियों को तत्काल प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए व व्यवस्थाओं को जल्द दुरुस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि तकनीकी व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जाए ताकि शहर में स्वच्छता , सुरक्षा की निगरानी प्रभावी ढंग से हो सके।
उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर को स्वच्छ स्मार्ट बनने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहे हैं जिसके तहत व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा और मॉनिटरिंग होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए ताकि शहर वासियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।




