देहरादून : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की नई टीम ने आज विधि विधान से वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा अर्चना के बाद कार्यभार ग्रहण किया। भाजपा प्रदेश कार्यालय में हवन पूजन के बाद पदाधिकारियों ने कार्यभार ग्रहण किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन अजय कुमार की मौजूदगी में बीजेपी के तीनों नवनियुक्त महामंत्रियों ने आज कार्यभार संभाल लिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पितृपक्ष के दौरान टीम की घोषणा की थी अब नवरात्रि के मौके पर टीम ने कार्यभार संभाला।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के मुताबिक पार्टी के बलबीर रोड स्थित मुख्यालय में आज पूर्ण धार्मिक रीतिरिवाज और मंत्रोचार के साथ प्रदेश पदाधिकारियों ने औपचारिक पदभार ग्रहण किया। इस दौरान हुए हवन में प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश महामंत्री संगठन के साथ नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, तरुण बंसल, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, शैलेंद्र बिष्ट , स्वराज विद्वान प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल, प्रदेश मंत्री सतीश लखेड़ा , आदित्य चौहान, नेहा जोशी, गौरव पांडे, प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, सह संयोजक राजेंद्र नेगी, विनय गोयल, सोशल मीडिया संयोजक हिमांशु संगतानी, सह संयोजक करुण दत्ता, गौरव सिंह, आईटी संयोजक प्रवीण लेखवार आदि नवनियुक्त पदाधिकारियों ने भाग लिया ।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने सबको तत्काल प्रभाव से मिशन 2027 को जीतने के लिए जुटना है। एक एक बूथ तक डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों और संगठन की सक्रियता को पहुंचाना है। आप सबके पुरुषार्थ और समर्पण से, देवभूमि की जनता का आशीर्वाद भाजपा को मिला निश्चित है। इस दौरान बड़ी संख्या में सरकार में दायित्वधारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।



