देहरादून : भाजपा ने देहरादून समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में दैवीय आपदा में हुई जान माल की हानि पर गहरी संवेदना और दुख व्यक्त किया है। प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने भरोसा दिलाया है कि संकट की इस घड़ी में सरकार और संगठन पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़े है। महेंद्र भट्ट ने कहा कि आज मुख्यमंत्री धामी अपने जन्मदिन पर भी राहत कार्यों को गति देने ग्राउंड जीरो पर पहुंचे, जिसने सभी पीड़ितों, रेस्क्यू एजेंसियों और हम सबके लिए हौसला बढ़ाने का काम किया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पहाड़ के बाद अब मैदानी क्षेत्रों देहरादून, ऋषिकेश व नैनीताल में भारी बरसात के कारण बहुत नुकसान हुआ है। इस प्राकृतिक आपदा में कई अमूल्य जिंदगी का खोना बेहद दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। उनकी कमी कोई पूरी नहीं कर सकता लेकिन हम विश्वास दिलाते हैं कि पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद सरकार और संगठन के माध्यम से की जाएगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का कहना है कि, मुख्यमंत्री धामी मुख्य सेवक की भूमिका निभाते हुए हर प्रभावित इंसान तक पहुंचकर उनकी तकलीफों को दूर करने का प्रयास कर रहे हैं। जन्मदिन होने के बावजूद वह तड़के ही आपदाग्रस्त क्षेत्र पहुंचे और राहत बचाव कार्यों की धरातलीय मॉनिटरिंग की। उनके नेतृत्व में पुलिस प्रशासन, एनडीआरफ, एसडीआरएफ, वन विभाग, रेस्क्यू कार्यों में लगी तमाम एजेंसियां पूरी क्षमता और गंभीरता से कार्यरत हैं।
भाजपा अध्यक्ष का कहना है कि हमें भरोसा है कि जनता के सहयोग से हमारी सरकार प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति को इस असहनीय तकलीफ से निजात दिलाने में सफल होगी। उन्होंने कहा सभी प्रभावित क्षेत्रों में पार्टी के कार्यकर्ता, ग्राउंड जीरो पर प्रत्यक्ष, अप्रत्यक्ष रूप से पीड़ितों को अधिक से अधिक मदद दिलाने का प्रयास कर रहे हैं। बावजूद इसके पार्टी स्तर पर एक बार पुनः उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं से राहत बचाव कार्यों में पूरी ताकत और मनोयोग से सहयोग करने का आग्रह किया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि हमें सुनिश्चित करना है कि कोई भी व्यक्ति आपदा से तकलीफ की स्थिति में न रहे। भोजन, पानी, आवास, स्वास्थ्य आदि जिस भी तरह की मदद की आवश्यकता प्रभावितों को हो तत्काल संबंधित सरकारी एजेंसियों के माध्यम से या स्वयं उसकी पूर्ति करने की कोशिश की जाए।



