हरिद्वार : हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर आज योगस्थली खेल परिसर, रोशनाबाद (हरिद्वार) में आयोजित राष्ट्रीय खेल दिवस कार्यक्रम में हरिद्वार सांसद एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने प्रतिभाग किया।
सांसद त्रिवेंद्र रावत ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और युवा खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का भी सबसे सशक्त आधार है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में आज भारत वैश्विक खेल जगत में अपनी दमदार पहचान बना रहा है और मुझे विश्वास है कि उत्तराखंड की युवा प्रतिभाएँ आने वाले समय में ओलंपिक, एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों में देश का गौरव बढ़ाएँगी।
उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया अभियान, फिट इंडिया मूवमेंट और ग्रामीण खेल प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक युवाओं तक पहुँचे, इसके लिए समाज और संस्थानों को भी सक्रिय योगदान देना होगा।
सांसद त्रिवेंद्र रावत ने सभी खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं और विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखंड के खिलाड़ी निकट भविष्य में विश्व पटल पर अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराएँगे।




