देहरादून में देर रात से जारी मूसलाधार बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी। भारी बारिश के चलते सड़कें तालाब बन गई। जगह जगह सड़कें पानी से लबालब हो गई। भारी बारिश के चलते सहस्रधारा रोड , कांवली रोड सहित विभिन्न स्थानों में सड़कें तालाब में तब्दील नज़र आई। पहाड़ों में हुई बारिश के चलते देहरादून के बीचों बीच बहने वाली रिस्पना और बिंदाल नदी का जलस्तर भी काफी बढ़ गया। जहां एक तरफ बिंदाल नदी में बढ़े जलस्तर के चलते बिंदाल का पानी कांवली रोड पर बने पुल के ऊपर से बहने लगा तो वहीं दूसरी ओर रिस्पना में बढ़े जलस्तर के चलते किनारे की बसावटों को खतरा पैदा हो गया। ये ही नहीं बिंदाल नदी के किनारे की बसावटों के लिए भी खतरा पैदा हो गया है। अगर पहाड़ों में भारी बारिश का सिलसिला जारी रहता है तो नदी किनारे की बसावटों पर खतरा और बढ़ जाएगा।
वहीं भारी बारिश से बने हालात का जायजा लेने के लिए देहरादून नगर निगम के महापौर सौरभ थपलियाल ने पार्षदों के साथ विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। बारिश से हुए नुकसान की सूचना पर मेयर ने दीपनगर में रिस्पना किनारे हुए नुकसान का जायजा लिया। रिस्पना और बिंदल नदी के किनारे कुछ जगह पुश्ते ढहने की सूचना पर महापौर ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता व अन्य संबंधित अधिकारियों को जल्द प्रभावी स्थलों पर सुरक्षात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। इसके अलावा मेयर ने वार्ड 57 नेहरू कॉलोनी में रिस्पना नदी के किनारे हुए नुकसान का भी जायजा लिया। इसके अलावा महापौर ने सहस्त्रधारा रोड,आईटी पार्क, रायपुर रोड, नेहरू कॉलोनी, रिस्पना, दीपनगर, गोविंदगढ़, शिवाजी मार्ग, कांवली, द्रोणापुरी का भी निरीक्षण किया। महापौर ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां कहीं भी जल भराव की समस्या उत्पन्न हो रही है तत्काल निगम की टीम मौके पर जाकर समस्या को दूर करे। इसके अलावा नदियों किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है। मेयर ने निगम के आपदा कण्ट्रोल रूम को भी सतर्क रहने के भी निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारियों को सूचित किया जा सके।




