देहरादून: उत्तरांचल प्रेस क्लब के सदस्य वरिष्ठ वीडियो जर्नलिस्ट मंजुल माजिला का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। मंजुल माजिला को दिल का दौरा उस वक्त पड़ा जब वे राष्ट्रीय खेलों की कवरेज के लिए गए थे। दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें कोरोनेशन अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों की टीम ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दुःखद घटना की सूचना मिलते ही पत्रकारों में शोक छा गया। मंजुल माजिला अपने पीछे अपनी धर्मपत्नी , दो बच्चे व अपनी वृद्ध माँ को छोड़ गए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वरिष्ठ पत्रकार मंजुल माजिला के आकस्मिक निधन पर दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत पत्रकार मंजुल माजिला के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा है कि राज्य सरकार हर कदम पर परिजनों के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी को दिवंगत पत्रकार के परिजनों की हर संभव मदद करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने तय प्रावधान के अनुसार पत्रकार मंजुल माजिला के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने के भी निर्देश दिए हैं।
वहीं उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह कंडारी ने खेल मंत्री से आग्रह किया है कि राष्ट्रीय खेलों के दौरान अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते करते हुए दिवंगत हुए मंजुल माजिला के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। खेल मंत्री रेखा आर्य ने भरोसा दिलाया है कि खेल आयोजनों की रिपोर्टिंग के दौरान पत्रकारों की सुरक्षा और कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए सरकार हर संभव कदम उठाएगी। खेल मंत्री रेखा आर्य ने भी पत्रकार मंजुल माजिला के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है। खेल मंत्री ने कहा है कि निजी सहयोग से मंजुल माजिला के परिवार तक की मदद पहुंचाई जाएगी।




