हल्द्वानी: अल्मोड़ा एनएच पर क्वारब की पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गया। इससे यहां आवाजाही पूरी तरह थम गई है। देर शाम लोनिवि को मलबा हटाने का काम रोकना पड़ा। हाईवे के 10 मीटर हिस्से में बोल्डर और मलबा ही दिख रहा है।
भूस्खलन जारी रहने से देर शाम काम रोकना पड़ा। यहां फंसे वाहनों को घंटों इंतजार के बाद अन्य लंबे मार्गों से जाने के लिए मजबूर होना पड़ा। क्वारब की पहाड़ी दो-ढाई माह से खतरे का कारण बनी है। प्रशासन ने रात में यहां से आवाजाही पर पहले से प्रतिबंध लगाया है।
शनिवार दोपहर करीब 12 बजे क्वारब की पहाड़ी से मलबा गिरने के बाद आवाजाही बाधित हो गई। ऊपर से रुक-रुक कर पत्थर गिर रहे हैं। लोगों को आज भी मार्ग सुचारू होने के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।
पहाड़ी के ट्रीटमेंट में उठने लगे सवाल एक सप्ताह पूर्व ही विशेषज्ञों ने इस पहाड़ी का ट्रीटमेंट शुरू किया है। इस दौरान पूरी पहाड़ी दरकने से सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है, सही ट्रीटमेंट नहीं होने से पहाड़ लगातार दरक रहा है।
एनएच के दोनों ओर लगी वाहनों की कतार पहाड़ी दरकने से एनएच के दोनों ओर सैकड़ों वाहनों की कतार लग गई। शाम करीब चार बजे तक लोग आवाजाही सुचारू होने का इंतजार करते रहे, लेकिन जब एनएच खुलने की उम्मीद टूटी तो उन्हें लौटकर अन्य मार्गों से आगे जाने को मजबूर होना पड़ा।
हाईवे पर मलबा आने से रूट डायवर्ट क्वारब की पहाड़ी से लगातार मलबा आने से हाईवे पर आवाजाही ठप हो गई और प्रशासन को रूट डायवर्ट करना पड़ा। ऐसे में अल्मोड़ा की ओर जाने वाले वाहनों को खैरना से वाया रानीखेत होते हुए और हल्द्वानी की ओर जाने वाले वाहनों को वाया लमगड़ा होते हुए गंतव्य की ओर भेजा जा रहा है।




