श्रीनगर गढ़वाल: पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर में घर के आंगन में खेल रही मासूम को घात लगाकर बैठा गुलदार उठाकर ले गया। बच्ची बेसुध हालत में घर से करीब 100 मीटर दूर झाड़ियों में बेहोशी की हालत में मिली।घटना शुक्रवार देर शाम की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार घात लगाए गुलदार ने बच्ची पर हमला कर पंजों में दबाकर जंगल की तरफ ले निकला। भनक लगने पर परिजनों ने हल्ला मचाना शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की तरफ से बच्ची की खोजबीन शुरू की। मासूम घटनास्थल से 100 मीटर की दूरी पर झाड़ियों में बेसुध हालत में मिली।
बच्ची के गले और शरीर में गुलदार के पंजों के निशान थे। परिजन आनन-फानन में बच्ची को घायल हालत में उसे बेस अस्पताल लेकर पहुंचे। फिलहाल बच्ची का अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूचना पाकर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।




