रुद्रपुर : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में अबकी बार 400 पार, नारा नहीं बल्कि, नए भारत की चाबी है। इसको सही हाथों में देना हम सब की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ही नहीं उत्तराखंड में हुए विकास को ऐतिहासिक बताया।
ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकसभा विजय शंखनाद रैली को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को विकास की नई बुलंदियों पर पहुंचाया है। 10 साल में ऐतिहासिक कार्यों का जो कीर्तिमान स्थापित किया है, वह न भूतो और न भविष्यति हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल के हम साक्षी हैं, जिस दौर में दुनिया आर्थिक संकट से जूझ रही थी, भारत ने 11वीं नम्बर की अर्थव्यवस्था को 5वें स्थान पर लाकर नए मापदंड स्थापित किए हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कश्मीर से 370 हटाने, सीएए पर फैसला, राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक, सर्जिकल स्ट्राइक जैसे बड़े कामों की उपलब्धि को दुनिया के लिए भी ऐतिहासिक बताया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से पहले से ही विशेष लगाव रहा है। यही कारण है कि उत्तराखंड के जन जन के मन में प्रधानमंत्री बसते हैं। उन्होंने 10 वर्षों में प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में हुए 2 लाख करोड़ के कार्यों को भी ऐतिहासिक बताया। कांग्रेस पर तीखे प्रहार करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कांग्रेस हर बार अपने राजकुमार को लांच करने के असफल प्रयास में जुटी रहती हैं, लेकिन जनता उनके कारनामों का जवाब दे देती है। देश को लूटने वाली पार्टी को इस बार भी जनता करारा जवाब देगी। यही कारण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुंह से निकले बोल, यही समय है, सही समय है, का आत्मसात कर 19 अप्रैल को देश के विकास की चाबी तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों में सौंपी जाए।



