देहरादून: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। शनिवार को चारधाम सहित हेमकुंड साहिब में बर्फबारी हुई जबकि निचले पहाड़ी क्षेत्रों में वर्षा होने से ठंड बढ़ गई। ताजा बर्फबारी के कारण केदारनाथ धाम में तीन फीट तक बर्फ जम गई है। इसके अलावा गंगोत्री, यमुनोत्री, बदरीनाथ व हेमकुंड साहिब में भी बर्फबारी हुई। उत्तरकाशी की हर्षिल और हरकीदून घाटी बर्फबारी की जद में है।
चमोली जिले में औली, जोशीमठ, गौरसों सहित क्षेत्र की ऊंची चोटियों पर भी बर्फबारी हुई है। इससे जिले में ठंड बढ़ गई है। हालांकि बर्फबारी के बीच पर्यटकों की आमद भी बढ़ गई है। दयारा बुग्याल, हरकीदून घाटी, डोडीताल क्षेत्र में भी बर्फबारी हुई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि अगले तीन दिन प्रदेश का मौसम इसी प्रकार बना रहेगा। रविवार से अगले दो-तीन दिन बर्फबारी का क्रम तेज हो सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि 26 और 27 फरवरी को मध्य भारत में तेज गरज की बिजली के साथ बारिश और ओलावृष्टि तथा पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में 26 और 27 फरवरी को बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।




